मुंबई
महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा की प्रमुख उपस्थिति में बुधवार 3 जून को महाराष्ट्र लोक भवन में तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से मनाया गया।
यह कार्यक्रम लोक भवन, मुंबई में ‘वर्मा फाउंडेशन’ तथा ‘फेडरेशन ऑफ तेलुगू एसोसिएशन्स ऑफ महाराष्ट्र’ (एफ-टैम) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलाकारों ने तेलंगाना की लोकगीतों पर लोकनृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में तेलंगाना का पारंपरिक गीत ‘जय जय हे तेलंगाना’, ‘आंदे श्री’ तथा ‘वंदे शिवम शंकरम’ प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान तेलंगाना राज्य गीत का वादन किया गया तथा तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया।
अपने संबोधन में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि बथुकम्मा, बोनालू तथा अन्य पारंपरिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने तेलंगाना की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सुंदर परिचय कराया। उन्होंने वर्मा फाउंडेशन तथा फेडरेशन ऑफ तेलुगू एसोसिएशन्स ऑफ महाराष्ट्र के कलाकारों को उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए बधाई दी।
राज्यपाल ने नाट्य शिरोमणि शेख नादिया की प्रस्तुति का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी कलात्मकता और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया था।
राज्यपाल ने कहा कि भारत के प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट वेशभूषा, भाषा, नृत्य और खान-पान की संस्कृति है तथा यही विविधता देश की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि पूरा देश एक सांस्कृतिक सूत्र में पिरोया हुआ है और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल विभिन्न राज्यों की संस्कृति को समझने और सराहने का अवसर प्रदान करती है।
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत केवल आर्थिक रूप से समृद्ध भारत नहीं है, बल्कि ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना पर आधारित राष्ट्र है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और समाज यदि मिलकर कार्य करें तो विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के पूर्व न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मदन गोसावी, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता दिग्दर्शक राम गोपाल वर्मा, वर्मा फाउंडेशन के अध्यक्ष पी. यू. एन. वर्मा, मराठी-तेलुगू मंच के संस्थापक एवं फेडरेशन ऑफ तेलुगू एसोसिएशन्स ऑफ महाराष्ट्र के अध्यक्ष जगन बाबू गंजी, राज्यपाल के सह सचिव एस. राममूर्ति, राज्यपाल के परिवार प्रबंधक डॉ. निशिकांत देशपांडे, तथा तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश की विभिन्न संस्थाओं के सदस्य उपस्थित थे।
